आमिर खान की फिल्म 'सितारे ज़मीन पर' ने बॉक्स ऑफिस पर की धमाकेदार कमाई, पहले हफ्ते में पार किए 88 करोड़ रुपए


बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान की फिल्म "सितारे ज़मीन पर" ने अपने पहले हफ्ते में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.69 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।

आर. एस. प्रसन्ना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। यह 2007 में आई आमिर खान की सराही गई फिल्म "तारे ज़मीन पर" की एक आध्यात्मिक अगली कड़ी (spiritual sequel) मानी जा रही है।

Sacnilk वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन ही 10.7 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी।

फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया डिसूजा भी मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा इसमें कई नए कलाकार शामिल हैं जैसे — आरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर।

फिल्म की कहानी दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।

इस फिल्म में आमिर खान ने एक बास्केटबॉल कोच की भूमिका निभाई है, जो दस विशेष रूप से सक्षम (differently-abled) युवाओं को ट्रेनिंग देते हैं और उनका मार्गदर्शन करते हैं।

"सितारे ज़मीन पर" को आमिर खान ने अपर्णा पुरोहित और रवि भगचंदका के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।

फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है।


टिप्पणियाँ